up-prayagraj-salary-hetaptty

प्रयागराज, 20 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जनपद प्रयागराज में शहरवासियों को सलोरी-हेतापट्टी सेतु की सौगात मिलने की दिशा में एक और कदम बढ़ा। लंबे इंतजार के बाद गंगा पर बनने वाले इस पुल का निर्माण कार्य बीते दिन शुरू हो गया। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की ओर से पहले दिन गंगा नदी तक पहुंचने के लिए रास्ता बनाने का काम किया गया। इसके लिए स्थल पर रोलर लगाया गया। साथ ही निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी पहुंचने लगी है। पुल का निर्माण तीन साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बनने से प्रयागराज से वाराणसी और पूर्वांचल की ओर आवागमन अधिक सुगम होगा। यह जानकारी मंगलवार को सेतु निगम परियोजना प्रबंधक रोहित मिश्रा ने दी।

उन्होंने बताया कि लगभग 952.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह सेतु 3.6 किलोमीटर से अधिक लंबा होगा। इसमें कुल 62 खंभे बनाए जाने हैं। पुल के निर्माण के लिए सेतु निगम की ओर से पहले ही मिट्टी की जांच का काम पूरा किया जा चुका है। गंगा का जलस्तर कम होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया गया है। परियोजना के लिए शासन की ओर से 20 जनवरी 2026 को पहली किस्त के रूप में 300 करोड़ रुपये जारी किए गए थे।

सलोरी में आईईआरटी के पास से हेतापट्टी तक बनने वाला यह पुल प्रयागराज शहर को राष्ट्रीय राजमार्ग-19 यानी प्रयागराज-वाराणसी मार्ग से सीधे जोड़ेगा। इससे शास्त्री पुल पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। भदोही, वाराणसी, बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही यात्रा के समय और दूरी में भी बचत होगी।

पुल का निर्माण पूरा होने के बाद शहर के यातायात को एक नया विकल्प मिलेगा। इससे आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन में सहूलियत होगी। यह परियोजना शहर की सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक रोहित मिश्रा ने बताया कि गंगा का जलस्तर कम होने के बाद पुल का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। पहले दिन रोलर की मदद से नदी तक पहुंचने का रास्ता बनाने का काम किया गया। उन्होंने बताया कि निर्माण से जुड़ी तैयारियां आगे बढ़ाई जा रही हैं और निर्धारित समय में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights