अमेठी, 21 अगस्त । अमेठी जनपद के कमरौली थाना क्षेत्र में महिला से हुई चेन लूट की घटना का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई पीली धातु की चेन, 10 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और हेलमेट बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें में सत्येंद्र कुमार निषाद उर्फ कालिया और चेन खरीदने-बेचने वाला गगनप्रीत सिंह शामिल है। पूछताछ में सत्येंद्र ने पुलिस को बताया कि 13 अगस्त को उसने यूपीएसआईडीसी कॉलोनी में एक महिला से चेन छीनी थी। इसके बाद उसी दिन चेन बेचने के लिए अपने साथी गगनप्रीत सिंह को दे दी थी। गगनप्रीत ने चेन के बदले उसे 15 हजार रुपये अग्रिम दिए थे और बाकी रकम चेन बिकने के बाद देने की बात कही थी। पुलिस ने चेन बिक्री के 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। वहीं, गगनप्रीत ने बताया कि सत्येंद्र ने उसे चेन बेचने के लिए दी थी, लेकिन लखनऊ में सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी के कारण वह चेन नहीं बेच सका। इसके बाद दोनों ने चेन बेचने के लिए बनभरिया मोड़ पर मिलने की योजना बनाई थी। इसी दौरान पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि गिरफ्तार सत्येंद्र कुमार निषाद उर्फ कालिया अंतरजनपदीय शातिर लुटेरा है। उसके खिलाफ लखनऊ, बाराबंकी और अमेठी में लूट, हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट और गुंडा अधिनियम समेत कुल 39 मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
