हेलमेट से सीट बेल्ट तक समझाए सुरक्षा के जरूरी सबक, यातायात पुलिस ने बताया छोटी सी लापरवाही कैसे बन सकती है जानलेवा, बच्चों से परिजनों को भी जागरूक करने की अपील।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। सड़क पर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी किस तरह जिंदगी पर भारी पड़ सकती है, इसका संदेश देने के लिए यातायात पुलिस ने स्कूलों में जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत बुधवार को दी एस.डी. पब्लिक स्कूल में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को सिर्फ यातायात नियमों की जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि उन्हें सड़क पर अपनी और दूसरों की जिंदगी की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम में यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह, मुख्य आरक्षी जावेद अली और मुख्य आरक्षी मन्टी कुमार ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं से रूबरू कराया। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह यातायात नियमों के प्रति लापरवाही और असावधानी है। वाहन चलाते समय की गई छोटी सी गलती भी किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। इसलिए सड़क पर निकलते समय नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है। पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को यातायात संकेतों की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क पर लगे संकेत वाहन चालकों और राहगीरों को सुरक्षित रास्ता दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यातायात पुलिस किस प्रकार संकेतों के माध्यम से वाहनों का संचालन नियंत्रित करती है, इसकी भी विस्तार से जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम में हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें और चारपहिया वाहन में सफर करते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं। बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाना चाहिए, निर्धारित गति सीमा का पालन करना चाहिए और नशे की हालत में कभी भी वाहन नहीं चलाना चाहिए। पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने माता-पिता, भाई-बहनों तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा की शुरुआत घर से होती है और जागरूक नागरिक ही दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम महाना एवं शिक्षकगणों का विशेष सहयोग रहा। यातायात पुलिस की इस पहल ने विद्यार्थियों के बीच यह संदेश पहुंचाया कि सड़क पर सावधानी ही सुरक्षित जीवन की सबसे बड़ी गारंटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Verified by MonsterInsights