मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में नवीन सत्र हेतु कक्षा प्ले से कक्षा 11 में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। रविवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा में कुल 392 बच्चों ने प्रतिभाग किया। विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ अखिलेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस सत्र से विद्यालय को सीबीएसई में परिवर्तित किया गया है। आगामी एक अप्रैल से आरंभ होने वाला नवीन सत्र सीबीएसई का होगा। जिसके लिए कक्षा प्ले से कक्षा 11 तक में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं। रविवार को आयोजित हुई प्रवेश परीक्षा हेतु कुल 392 बच्चों ने रजिस्ट्रेशन कराया। रविवार को उक्त सभी बच्चों की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। प्राइमरी विंग के लिए कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा कराई गई, जबकि कक्षा 6 से कक्षा 11 तक के लिए लिखित प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि प्राइमरी विंग में शिक्षण केवल अंग्रेजी माध्यम से एक्टिविटी बेस्ड होगा। इसके लिए प्रत्येक कक्ष में डिजिटल इंटरएक्टिव पैनल लगे हुए हैं। सभी क्लासरूम एयर कंडीशंड हैं। इन सभी कक्षाओं में आदर्श शिक्षण हेतु बीस छात्रों पर एक शिक्षक का अनुपात रखा गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जिले में यूपी बोर्ड के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के प्रतिष्ठित विद्यालय के रूप में जाना जाता था। लेकिन अब यह विद्यालय सीबीएसई के विद्यालयों में भी अपनी उत्कृष्टता को साबित करेगा। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष सूरत सिंह वर्मा, प्रबंधक बाल बहादुर, उपप्रबंधक ज्ञानचंद संगल तथा कोषाध्यक्ष अजय कुमार जैन ने अपनी शुभकामनायें प्रदान की। प्रवेश परीक्षा में वरिष्ठ शिक्षक महेश कुमार, अजय कुमार, अर्जुन, शुभम, मीनाक्षी, गोदावरी एवं कार्यालय अधीक्षक के.एन पंत सहित संपूर्ण शिक्षकों का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights