बेंगलुरु में हिंदी दिवस कार्यक्रम के विरोध में पांच सितारा एक होटल में जबरन घुसने और हंगामा करने के आरोप में एक कन्नड़ समर्थक संगठन के 41 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्रालय की राजभाषा समिति ने होटल में एक ‘‘हिंदी प्रचार सभा’’ आयोजित की थी, जिसमें छह संसद सदस्यों ने भाग लिया था, तभी बृहस्पतिवार को कन्नड़ समर्थक संगठन के सदस्य होटल में घुस आए।

कार्यक्रम के खिलाफ नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह बैठक गैर-हिंदी भाषी राज्यों पर हिंदी थोपने का प्रयास है।

पुलिस के एक बयान के अनुसार, संसदीय राजभाषा समिति ने 23 से 25 सितंबर तक यहां रेसकोर्स रोड स्थित होटल में एक कार्यक्रम आयोजित किया था। इसके अंतिम दिन कार्यक्रम सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हुआ।

इसमें कहा गया है, ‘‘सुबह लगभग 10:45 से 11 बजे के बीच एक संगठन के लगभग 30 से 40 सदस्य बैठक के एजेंडे के विरोध में अवैध रूप से आयोजन स्थल में घुस आए और उन्होंने उपस्थित सरकारी अधिकारियों के काम में बाधा डाली तथा हंगामा किया। इससे कार्यक्रम में अस्थायी रूप से व्यवधान उत्पन्न हुआ।’’

पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और स्थिति को नियंत्रण में किया। परिणामस्वरूप, होटल में कार्यक्रम कुछ देर के लिए बाधित हुआ, लेकिन पुलिस के समय पर हस्तक्षेप के कारण यह तय समय पर पूरा हुआ।

बयान में कहा गया है, ‘‘हाई ग्राउंड्स पुलिस थाने में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई। कुल 41 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर प्रथम एसीजेएम अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights