–बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं व अभिभावकों का हुआ भव्य सम्मान।
मुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में गुरुवार को कक्षा 10 एवं 12 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य एवं प्रेरणादायी समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में खुशी, गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, वहीं उनके अभिभावकों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्रार्थना सभा स्थल पर किया गया, जहां रवीन्द्रनाथ टैगोर जयंती भी श्रद्धा और प्रेरणा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नीलम त्यागी ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को गुरुदेव टैगोर के जीवन, विचारों और साहित्यिक योगदान से परिचित कराया तथा उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन दुर्गेश नंदिनी कौशिक ने किया। परीक्षा विभाग प्रमुख सपना मित्तल ने विद्यालय के परीक्षा परिणामों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया कि कक्षा 12 मानविकी वर्ग में नियति पालीवाल ने 87.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। राधिका गर्ग 84.2 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा अविष्का वर्मा 81.8 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। वाणिज्य वर्ग में परी बंसल ने 81.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया। कनिष्का गोयल 81 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा आस्था 80.2 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। विज्ञान वर्ग में राशि ने 86.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिवांगी शर्मा 83.6 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा अनुराधा 83.4 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा 10 के परिणाम भी बेहद शानदार रहे। आकांक्षा ने 93.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम तथा जनपद में चौथा स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। भव्या गर्ग ने 90.16 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय, प्रियांशी ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय, छवि ने 89.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चतुर्थ तथा इशिका ने 89.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पंचम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के लिए विशेष गौरव का विषय यह रहा कि गणित विषय में अंशिका शर्मा, प्रियांशी यादव, आकांक्षा, अनन्या और अनन्या शर्मा ने शत-प्रतिशत अंक हासिल किए। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के पीछे गणित विभाग के अनु शुक्ला, आकाश कश्यप, शिल्पा मित्तल और अर्चना त्यागी के समर्पित मार्गदर्शन और अथक मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्या वंदना शर्मा ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुशासन, परिश्रम और संस्कार ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। विद्यालय प्रबंधक शोभित सिंह ने समारोह में उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को भविष्य में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह का पूरा वातावरण विद्यार्थियों की उपलब्धियों, अभिभावकों के गर्व और शिक्षकों के समर्पण से भावुक एवं प्रेरणादायी बना रहा। विद्यालय परिवार ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights