–शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के बैनर तले सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं एकजुट, विभागीय लापरवाही पर जताया कड़ा आक्रोश
मुजफ्फरनगर। उ०प्र० माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के तत्वाधान में प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय मुजफ्फरनगर पर शिक्षकों का विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष डा० अमित कुमार जैन के नेतृत्व में आयोजित इस धरने में जनपद भर से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लेकर अपनी लम्बित समस्याओं के समाधान की जोरदार मांग उठाई।
धरने का संचालन जिला मंत्री अरुण कुमार द्वारा किया गया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश भर में शिक्षक उपेक्षा का शिकार हैं और उनकी समस्याएं लगातार लंबित पड़ी हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जिलाध्यक्ष डा० अमित कुमार जैन ने अपने संबोधन में पुरानी पेंशन बहाली और धारा 18 व 21 को शिक्षकों के सम्मान के लिए बेहद आवश्यक बताते हुए कहा कि विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।


जिला मंत्री अरुण कुमार ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान, वेतन निर्धारण जैसी अहम समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। साथ ही नई पेंशन से पुरानी पेंशन में आए शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों को अब तक लाभ नहीं मिल पाया है, जिससे शिक्षकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जिला कोषाध्यक्ष संजय कुमार मोघा ने भी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जनपद का शिक्षक वर्ग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है और अब धैर्य जवाब दे रहा है। धरने में जनपद के कई वरिष्ठ शिक्षकों ने भी अपने विचार रखते हुए प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्यवाही नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह, रंजन सिंह पुंडीर, सुभाष सिंह, पदमाकर यादव, विनोद कुमार, रीना यादव, नमन जैन, सुरेंद्र पाल सिंह, हंस कुमार, बिजेंद्र बहादुर, आवेश कुमार, धीरेन्द्र कुशवाहा, सुभाष चंद, वीरेंद्र पटेल, बृज बिहारी धूरिया, असित सिंह, डा० अमित कुमार वर्मा, राजीव कुमार, हरेंद्र सिंह, इमरान अहमद, शुभम पाल, राहुल कुमार, सुनील कुमार गोयल, विजय कुमार शर्मा, हेमंत बिश्नोई, रूपक वर्मा सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights