भव्यता की नई मिसाल बनेगा श्री श्याम गुणगान महोत्सव
–एक दशक बाद मुजफ्फरनगर आ रहे नंदू जी महाराज, मुजफ्फरनगर में गूंजेगा श्याम भक्ति का महासागर
– 4 मई को सजेगा भव्य श्री श्याम गुणगान महोत्सव, हजारों भक्त होंगे शामिल
मुजफ्फरनगर। शहर की धार्मिक फिजाओं में एक बार फिर भक्ति की गूंज सुनाई देने वाली है। श्री श्याम प्रभु खाटू वाले की असीम कृपा से श्री श्याम परिवार सुखी संसार समिति (रजि०), मुजफ्फरनगर द्वारा चार मई 2026 को सायं 07:30 बजे एक भव्य श्री श्याम गुणगान महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह विशाल धार्मिक आयोजन श्री रामलीला भवन, नई मंडी कोतवाली के निकट आयोजित होगा, जहां हजारों श्रद्धालु श्याम नाम के रस में डूबते नजर आएंगे। शनिवार को नई मंडी स्थित श्री गणपति धाम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान समिति के संरक्षक भीमसेन कंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार का महोत्सव बेहद खास और ऐतिहासिक होने जा रहा है। खास आकर्षण यह है कि वृंदावन धाम से परम श्रद्धेय श्री नंद किशोर शर्मा (नंदू जी महाराज) पूरे एक दशक के लंबे अंतराल के बाद मुजफ्फरनगर की पावन धरती पर अपने भजनों की अमृत वर्षा करने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि कीर्तन की है रात, बाबा आज थाने आणो है” और “श्याम दरबार में अमृत बरसे” जैसे भजनों से वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश से आईं अधिष्ठा अनुष्का तथा स्थानीय कलाकार मयंक धीमान भी अपनी मधुर आवाज से बाबा श्याम को रिझाएंगे। वहीं, दिल्ली से शिवम इंटरनेशनल म्यूजिकल ग्रुप अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगाएगा। समिति के प्रधान अमित गुप्ता ने बताया कि समिति द्वारा समय-समय पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, और यह चतुर्दशम (14वां) आयोजन अब तक का सबसे भव्य और आकर्षक होगा। इस अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक दरबार, मनमोहक श्रृंगार, छप्पन भोग और श्रद्धालुओं के लिए श्री श्याम रसोई की विशेष व्यवस्था की जाएगी। इस मौके पर समिति के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से राजीव गोयल (गुरुजी), अमित गोयल, ललित बंसल, विवेक अग्रवाल, नवीन गर्ग, शशांक राणा, प्रियंक गर्ग, जे.पी. गोयल, अनिल गोयल, अमरीश सिंघल, विकास अग्रवाल (कन्नू), अशोक मालपानी, लोकेश गोयल, सुनीत मित्तल, गौरव गर्ग, गौरव जिंदल, अंकित अग्रवाल, अंकुश अग्रवाल, पराग अग्रवाल, अतुल गोयल, मुकेश गर्ग, रजत गोयल, अग्रिम सिंघल सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।
