मुजफ्फरनगर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और लगातार बढ़ रहे जाम को लेकर यातायात पुलिस ने शुक्रवार को सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया। झांसी की रानी चौक से लेकर शिव चौक और भगत सिंह रोड तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध कब्जे हटवाए, वहीं नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 178 वाहनों के चालान किए गए। यह अभियान पूरे शहर में चर्चा का विषय बना रहा। सुबह से ही ट्रैफिक पुलिस की टीम सड़कों पर उतरी और बाजारों में अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों तथा सड़क घेरकर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति दिखाई दी। यातायात पुलिस का कहना है कि शहर की मुख्य सड़कों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की समस्या गंभीर होती जा रही थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अभियान का उद्देश्य आमजन को राहत दिलाना और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना है। कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी भी दी गई। पुलिस ने साफ किया कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान यातायात पुलिस कने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वाहन हमेशा निर्धारित स्थान पर ही खड़े करें। शराब पीकर वाहन न चलाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें। तीन सवारी बैठाकर सफर न करें। वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें। वहीं यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से शहरवासियों ने राहत महसूस की है। लंबे समय बाद मुख्य बाजारों और व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था कुछ हद तक पटरी पर दिखाई दी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights