महानगर के थाना टिब्बा के अंतर्गत आते मायापुरी इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब यहाँ स्थित एक होजरी वेस्ट के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के साथ आग पर काबू पाने का काम शुरू किया।

इस घटना ने इलाके के लोगों में भारी रोष पैदा कर दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मायापुरी के इस रिहायशी इलाके में नियमों को ताक पर रखकर कई अवैध गोदाम बनाए गए हैं। इन गोदामों में होजरी का वेस्ट मटेरियल भरा रहता है, जो बेहद ज्वलनशील होता है। लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की नाक के नीचे चल रहे इन अवैध गोदामों में पहले भी कई बार आग लग चुकी है, जिससे आसपास के घरों को भी खतरा बना रहता है।

वारदात की जानकारी मिलते ही थाना टिब्बा की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को संभाला और इलाके की घेराबंदी की ताकि कोई जानी नुकसान न हो। फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने में जुटी हुई हैं और इलाके के लोग प्रशासन से इन अवैध गोदामों को यहां से शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights