बहू ने भाइयों संग ससुराल पर बोला हमला, ब्लेड से जानलेवा वार, परिवार में दहशत
मुजफ्फरनगर। जनपद में एक घरेलू विवाद ने उस समय हिंसक और भयावह रूप ले लिया, जब एक विवाहिता ने अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ मिलकर ससुराल पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और पीड़ित परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है। दरअसल पूरा मामला मदीना कॉलोनी का है, गत वर्ष 2023 में पीड़ित ने अपने बेटे की शादी आसमा के साथ कराई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही आसमा द्वारा परिवार को परेशान किया जा रहा था और इसी विवाद के चलते करीब डेढ़ वर्ष से अपने मायके में रह रही थी। पीड़ित ने कि अरशद और उसकी पत्नी आसमा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसका मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। इसी विवाद के चलते 28 मार्च को दोपहर करीब 3 बजे एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। सोमवार को पीड़ित रईस पुत्र इस्लामुद्दीन, निवासी मदीना कॉलोनी ने अपने परिवार के कई सदस्यों के साथ मीडिया सेंटर पहुंचकर प्रेस वार्ता कर बताया कि घटना के समय घर पर उनकी पत्नी सईदा, बेटे अरशद, शाहरूख और मां मीना मौजूद थे। तभी अचानक उनकी पुत्रवधू आसमा अपने भाइयों शौकीन, आबाद, शाहरूख पुत्रगण अख्तर व 7-8 अज्ञात लोगों के साथ घर पहुंची। आरोप है कि सभी हमलावरों के हाथों में डंडे और ब्लेड (उस्तरा) जैसे खतरनाक हथियार थे। आरोप है कि जैसे ही घर का दरवाजा खोला गया, सभी लोग जबरन घर में घुस आए और गाली-गलौच करते हुए हमला शुरू कर दिया। आरोप है कि जब शाहरूख ने विरोध किया, तो हमलावरों ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
आरोप है कि इसी दौरान आसमा को उकसाते हुए कहा गया कि वह शाहरूख को ब्लेड से काटकर जान से मार दे। इसके बाद आसमा ने शाहरूख की गर्दन पर ब्लेड से वार कर दिया। आरोप है कि शोर सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। हंगामा बढ़ता देख मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह पीड़ित परिवार को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि जाते-जाते हमलावरों ने धमकी दी कि उनकी ऊपर तक पहुंच है और वे पूरे परिवार को झूठे केस में फंसा कर जेल भिजवा देंगे। पीड़ित परिवार ने मीडिया के माध्यम से पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार से सुरक्षा की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि उन्हें अपनी जान का खतरा बना हुआ है और किसी भी समय बड़ी घटना हो सकती है।
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से रईस, शाहरुख, ग़य्यूर, मोहम्मद वकील, मोहम्मद साजिद सहित परिवार के दर्जनों लोग मौजूद रहे।
