बिहार के आरा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बारात निकलने से 4 घंटे पहले दूल्हे ने गले में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, जिस घर में लोग शादी की खुशियां मना रहे थे, अचानक खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों का क्रंदन गूंजने लगा।

पहले शॉपिंग की, फिर दे दी जान
जानकारी के मुताबिक, मामला आरा शहर से नजदीक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटकी सनदिया गांव का है। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटकी सनदिया गांव निवासी स्व. भुनेश्वर यादव के पुत्र संजीत कुमार (30 वर्षीय) के रूप में हुई है। वह पटना जिले में कंस्ट्रक्शन लाइन में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि बिहिया थाना क्षेत्र में संजीत कुमार की शादी तय हुई थी। बुधवार को उसकी बारात जाने वाली थी। घर में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं। शादी की शहनाई बज रही थी। सब लोग बारात की तैयारी कर रहे थे, लेकिन बारात निकलने से 4 घंटे पहले दूल्हा संजीत बाजार गया और फिर वहां से आने के बाद गांव में स्थित बगीचे में चला गया। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी बीच बगीचे में उसका शव लटका हुआ मिला। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गांव में पसरा मातम
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। दूल्हे ने आत्महत्या क्यों की है, इसका कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। वहीं, घर में जहां लोग उसकी शादी की खुशियां मना रहे थे, अचानक खुशियां मातम में बदल गईं। डोली के बदले दूल्हे की अर्थी उठ गई। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights