बिहार के वैशाली जिले में अवैध संबंध का विरोध करने पर एक पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है कि पति ने पहली सालगिरह से ठीक चार दिन पहले इस वारदात को अंजाम दिया। दिल दहला देने वाली इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैल दी।
पड़ोस की महिला से थे अवैध संबंध
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव का है। मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि लक्ष्मी के पति शुभम राज के पड़ोस की एक महिला के साथ अवैध संबंध थे। उसकी पत्नी अकसर इसका विरोध करती थी, जिसके चलते दोनों में झगड़ा होता रहता था। परिजनों का कहना है कि पति के इस संबंध का विरोध करने पर ही लक्ष्मी की हत्या की गई है।
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
