नोएडा में एक निर्माण स्थल पर श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के एक दिन बाद, उसके सहयोगियों ने शुक्रवार सुबह मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि झारखंड के दुमका निवासी राजेश (41) सेक्टर-51 स्थित एक निर्माण स्थल पर ‘फिटर’ का काम करता था। बृहस्पतिवार रात उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।’’ प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना के बाद आज सुबह राजेश के सहयोगी सेक्टर-32 के पास इकट्ठा हो गए और एलिवेटेड रोड के नीचे जाम लगा दिया जिसकी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights