आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह और बांग्लादेश में घटनाक्रम के मद्देनजर दिल्ली पुलिस के आयुक्त संजय अरोड़ा ने बुधवार को पुलिस अधिकारियों से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रह रहे और अपराध में शामिल बांग्लादेश के नागरिकों की पहचान सत्यापित करने को कहा। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

दिल्ली पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों में मोटर वर्कशॉप और गैराज से पता लगाएं कि क्या पिछले 10 दिनों में किसी वाहन में बदलाव किया गया है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधिकारियों को कूरियर कंपनियों के जरिए पिछले दो महीनों में बिना स्पष्ट जानकारी वाले पतों पर की गई डिलीवरी के बारे में भी पता लगाने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस आयुक्त अरोड़ा ने आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर के पुलिस अधिकारियों के साथ दिल्ली पुलिस मुख्यालय में बुधवार को एक अंतर-राज्यीय समन्वय बैठक की।

सूत्रों के मुताबिक अंतर-राज्यीय सहयोग के महत्व पर जोर देते हुए दिल्ली पुलिस प्रमुख ने कहा कि हाल ही में रिहा हुए अपराधियों का पता लगाने के लिए अभियान चलाया जाना चाहिए। अरोड़ा ने कहा कि आतंकवादी या कट्टरपंथी पृष्ठभूमि वाले रिहा किए गए सभी अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने की जरूरत है और आग्नेयास्त्रों की तस्करी को रोकने की जरूरत है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights