ट्रांसपोर्ट नगर में एक बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है, जहां कंपनी के विश्वासपात्र कर्मचारी ही ‘आस्तीन के सांप’ निकले। लोहे की खेप में सेंधमारी करने वाले इस गिरोह ने जब चोरी पकड़ी गई, तो शिकायतकर्ता पर ही जानलेवा हमला कर दिया।

माल चोरी करके साहनेवाल के कबाड़ियों को बेच रहे थे आरोपी कर्मचारी
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता रिंकू की कंपनी ‘शिवा लॉजिस्टिक्स’ का माल (सरिया और लोहे की सीटें) ढंडारी रेलवे स्टेशन पर आता है। यहां से माल लोड करके कंपनी के गोदाम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कर्मचारियों की थी। लेकिन आरोपी कर्मचारी रास्ते में ही माल चोरी करके साहनेवाल के कबाड़ियों को बेच रहे थे। घटना का खुलासा 10 अप्रैल की सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। शिकायतकर्ता रिंकू ने देखा कि कंपनी का करीब 4 से 5 टन सरिया एक टेंपू में लोड किया हुआ था। यह माल गोदाम ले जाने के बजाय सौरव और गोल्डी कबाड़ी (साहनेवाल) के पास बेचने की तैयारी थी जैसे ही रिंकू ने आरोपियों को रोका और अपना चोरी किया गया माल वापस मांगा, तो आरोपियों का असली चेहरा सामने आ गया।

तेजधार हथियारों से की हमला करने की कोशिश
आरोपियों ने रिंकू पर लोहे की रॉड और अन्य तेजधार हथियारों से हमला करने की कोशिश की। शोर मचने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता की शिकायत पर थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने गहन जांच के बाद आरोपी सौरव, गोल्डी, विजय, देबू, ठाकुर, लवली, रजिंदर, सुहैल, प्रधान, कल्लू, मोहब्बत अली, मोबिन, पंडित गत्ते वाला, सईद अली, छोटू, तारिक, राजू और मुन्ना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में कंपनी के कर्मचारियों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी भी शामिल हैं। पुलिस अब टेंपू नंबर के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर रही है और दावा किया है कि जल्द ही पूरे गिरोह को सलाखों के पीछे धकेला जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights