चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में स्थित पंजाब बीजेपी कार्यालय के बाहर हुए धमाके को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के अनुसार, इस हमले में GHD2P नामक हैंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया, जो कथित तौर पर पाकिस्तान में बनाया जाता है।  बताया जा रहा है कि धमाके के समय यह ग्रेनेड करीब 5 से 10 मीटर तक के क्षेत्र में जानलेवा प्रभाव डाल सकता है, जबकि इसके छर्रे 20 से 25 मीटर तक फैलकर आसपास मौजूद लोगों को गंभीर रूप से घायल कर सकते हैं।

बताया जा रहा है कि ग्रेनेड करीब 30 फुट की दूरी से फेंका गया था। जिस दीवार को पार कर इसे अंदर फेंका गया, उसकी ऊंचाई लगभग 3 फुट है और उसके ऊपर करीब 2 फुट की एल्यूमीनियम ग्रिल लगी हुई है। जहां ग्रेनेड गिरा, वहां से मुख्य प्रवेश द्वार की दूरी करीब 25 फीट बताई जा रही है। मुख्य गेट के पास सुरक्षा के लिए एक केबिन बना हुआ है, जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 2 जवान 24 घंटे तैनात रहते हैं। इसके अलावा, गेट पर चंडीगढ़ पुलिस के कर्मी भी मौजूद रहते हैं। जिस स्थान पर धमाका हुआ, वहां आमतौर पर लोग अपने वाहन खड़े करते हैं और घटना के समय भी वहां कई गाड़ियां पार्क थीं।

गौरतलब है कि, इस हमले से जुड़े 2 वीडियो सामने आ चुके है। पहले वीडियो में हमले से कुछ मिनट पहले दफ्तर के पास स्थित एक अन्य ऑफिस के बाहर 2 संदिग्ध व्यक्ति खड़े नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरे फुटेज में धमाके के तुरंत बाद वही दोनों संदिग्ध सड़क पार कर तेजी से भागते हुए दिखाई देते हैं। यह धमाका बुधवार शाम को हुआ था, जिससे मौके पर खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और आसपास की दीवारों पर छर्रों के निशान देखे गए। घटना से जुड़े 2 वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियो में 2 युवक दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक युवक मोबाइल से वीडियो बनाता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा युवक हाथ में ग्रेनेड की पिन खींचकर उसे फेंकता दिखाई देता है। ग्रेनेड फेंकने के तुरंत बाद जोरदार धमाका होता है और दोनों युवक उल्टी दिशा में भागते नजर आते हैं।

वहीं आपको बता दें कि, इस हमले को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें एक खालिस्तानी आतंकी गुट ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में लिखा गया है कि 1 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में हुए ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी सुखजिंदर सिंह बब्बर लेता है। साथ ही पोस्ट में भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करते हुए भारत के खिलाफ बयानबाजी भी की गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights