जिला कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक अज्ञात युवक द्वारा पेशी पर आए हवालाती को सरेआम नशा सप्लाई करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिस मुलाजिम की पैनी नजरों ने इस बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया और हवालाती की जेब से नशीले कैप्सूल व स्मैक बरामद कर ली। थाना डिविजन नंबर 5 की पुलिस ने आरोपी हवालाती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, खन्ना पुलिस लाइन में तैनात हवलदार विपिन कुमार अपनी टीम के साथ कचहरी में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान एन.डी.पी.एस. एक्ट के एक मामले में बंद हवालाती हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (निवासी दोराहा) को माननीय अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। जैसे ही पुलिस मुलाजिम पेशी के बाद हवालाती को दोबारा हथकड़ी लगा रहे थे, तभी भीड़ के बीच से एक अज्ञात नौजवान अचानक सामने आया। उसने बड़ी ही चालाकी से हवालाती हैप्पी को एक प्लास्टिक का लिफाफा पकड़ाया और पलक झपकते ही भीड़ का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया।

जब हवलदार विपिन कुमार को आरोपी की संदिग्ध हरकतों पर तुरंत शक हुआ। उन्होंने बिना देर किए हवालाती को काबू किया और उसकी दाईं जेब की गहनता से तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस के होश उड़ गए जब लिफाफे से 16 नशीले कैप्सूल और 45 मिलीग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत नशीली वस्तु को कब्जे में ले लिया और हवालाती के खिलाफ नया मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस सी.सी.टी.वी. फुटेज की मदद से उस अज्ञात युवक की पहचान करने में जुटी है जिसने कचहरी जैसी सुरक्षित जगह पर नशा पहुंचाने की जुर्रत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights