इंद्रेश कुमार पर लगाए आरोप झूठे, बताया देश तोड़ने की साजिश: शमशाद मीर
मुजफ्फरनगर। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के एक विवादित बयान ने देशभर में सियासी और सामाजिक हलचल तेज कर दी है। शंकराचार्य द्वारा डॉ. इंद्रेश कुमार पर लगाए गए गंभीर आरोपों को हिंदुस्तानी पसमांदा मंच ने सिरे से खारिज करते हुए इन्हें “असंवैधानिक, असत्य और बेबुनियाद” बताया है। शनिवार को मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में हिंदुस्तानी पसमांदा मंच ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि शंकराचार्य का यह बयान न सिर्फ भ्रामक है, बल्कि देश की एकता और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की साजिश भी है। आरोप है कि हिंदुस्तानी पसमांदा मंच के राष्ट्रीय संयोजक शमशाद ने कहा कि डॉ. इंद्रेश कुमार का जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने हमेशा हिंदू-मुस्लिम एकता, भाईचारे और अखंडता का संदेश दिया है। पसमांदा मंच के अनुसार, इंद्रेश कुमार ने मुस्लिम युवाओं को कट्टरता और पत्थरबाजी से दूर कर राष्ट्रवाद की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। इसके अलावा राष्ट्रीय मीडिया प्रवक्ता मोहम्मद इरफान अंसारी ने कहा कि शंकराचार्य द्वारा लगाया गया आरोप कि इंद्रेश कुमार ने 10 लाख हिंदू बेटियों की शादी मुस्लिम समुदाय में करवाए जाने के आरोप को पूरी तरह “झूठा और निराधार हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान समाज में अविश्वास और वैमनस्य फैलाने का काम करते हैं। मंच के प्रदेश संयोजक शाहनवाज मलिक ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हमेशा संतों का सम्मान करता है, लेकिन किसी भी व्यक्ति को समाज तोड़ने वाले बयान देने का अधिकार नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि ऐसे बयानों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जो देश में हिंदू-मुस्लिम एकता को कमजोर करते हैं। उन्होंने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से तत्काल बयान वापस लेने और इंद्रेश कुमार से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है। ऐसा न करने पर पसमांदा समाज पूरे देश में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने और पुतला दहन करने की चेतावनी दी है। शंकराचार्य के बयान के बाद शुरू हुआ यह विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। एक ओर धार्मिक मंचों की गरिमा का सवाल है, तो दूसरी ओर सामाजिक एकता पर पड़ते असर की चिंता। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से शमशाद मीर राष्ट्रीय संयोजक, साजिद चौधरी जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा, मोहब्बत अली, शाहनवाज मलिक प्रदेश संयोजक, मोहम्मद रिजवान अंसारी राष्ट्रीय प्रेस प्रवक्ता व इदरीश खान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मौजूद रहे।
