बिजनौर जिले के चांदपुर में इंटरमीडिएट की परीक्षा देने गई 6 छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया है। परीक्षा खत्म होने के बाद देर शाम तक छात्राओं के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों में चिंता बढ़ गई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को इंटरमीडिएट की संस्कृत विषय की परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में छात्राएं चांदपुर के एक इंटर कॉलेज में परीक्षा देने पहुंची थीं। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्राएं अपने-अपने घरों के लिए रवाना हुईं, लेकिन देर शाम तक 6 छात्राएं घर नहीं लौटीं। लापता छात्राओं में हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के एक गांव की दो छात्राएं और चांदपुर व आसपास के गांवों की चार अन्य छात्राएं शामिल हैं। जब छात्राएं देर शाम तक घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

दो छात्राओं के परिजनों ने उनके सहपाठियों और अन्य छात्राओं के घरों पर जाकर जानकारी की, लेकिन वहां भी वे नहीं मिलीं। एक साथ 6 छात्राओं के लापता होने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। रात करीब 10 बजे सभी छात्राओं के परिजन चांदपुर थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और छात्राओं की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि छात्राओं की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही उन्हें खोजने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights