अमेरिका (United States) और ईरान  (Iran) के बीच चल रही जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ( Donald Trump) ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह युद्ध अगले 2 से 3 हफ्तों में खत्म हो सकता है और अमेरिकी सेना जल्द ही ईरान से बाहर आ सकती है। व्हाइट हाउस में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपने मुख्य सैन्य उद्देश्यों को लगभग हासिल कर चुका है। उनका कहना है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकना ही सबसे बड़ा लक्ष्य था, जो अब पूरा हो चुका है।

 

ट्रंप ने दावा किया कि लगातार सैन्य हमलों के कारण ईरान की सैन्य ताकत काफी कमजोर हो गई है। उन्होंने यहां तक कहा कि ईरान को दोबारा अपनी स्थिति मजबूत करने में 15 से 20 साल लग सकते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की संभावना बनी हुई है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि अमेरिकी सेना की वापसी किसी समझौते पर निर्भर नहीं होगी, बल्कि यह इस बात पर निर्भर करेगी कि अमेरिका अपने रणनीतिक लक्ष्य कितने हासिल कर चुका है।

 

ट्रंप ने यह भी कहा कि अब ईरान की रक्षा प्रणाली इतनी कमजोर हो चुकी है कि अमेरिकी वायुसेना को पूरी तरह से बढ़त मिल गई है और वह बिना किसी बड़े खतरे के ऑपरेशन चला रही है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि जमीनी स्थिति अभी भी जटिल है और क्षेत्र में तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में आने वाले कुछ हफ्ते बेहद अहम माने जा रहे हैं। ट्रंप के इस बयान से संकेत मिलता है कि अमेरिका अब इस युद्ध को लंबा खींचने के बजाय सीमित समय में खत्म करना चाहता है। लेकिन जमीनी हालात और क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights