समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी को लेकर शुक्रवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इससे आम लोगों के लिए भोजन और भी महंगा हो जाएगा। शुक्रवार को वाणिज्यिक एलपीजी के दाम में 993 रुपये प्रति 19 किलोग्राम सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई, जो अब तक की सबसे तेज वृद्धि मानी जा रही है। यह लगातार तीसरा महीना है जब कीमतों में इजाफा हुआ है।

यह बढ़ोतरी पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा कीमतों में आई तेजी से जुड़ी है। नई दरों के बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला वाणिज्यिक सिलेंडर अब 3,071.5 रुपये में मिल रहा है, जबकि पहले इसकी कीमत 2,078.50 रुपये थी। हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “सिलेंडर महंगा नहीं होता, रोटी-थाली महंगी होती है। यह बात वही समझता है जो खुद खरीदकर खाता है, वह नहीं जो दूसरों के यहां जाकर खाता है या दूसरों की थाली से चुराता है।”

उन्होंने आगे कहा कि यदि सरकार को कीमत बढ़ानी ही थी तो सीधे 1000 रुपये बढ़ा देती। उन्होंने सवाल किया “1000 में मात्र 7 रुपये कम करके भाजपा किस पर एहसान कर रही है?” सपा प्रमुख ने यह भी पूछा कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी, बेकारी और मंदी पर निंदा प्रस्ताव कब लाएगी। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानमंडल के दोनों सदनों ने बृहस्पतिवार को एक दिवसीय विशेष सत्र में महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में कथित रूप से पारित न होने देने के लिए समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य दलों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights