ग्रामीणों की सूझबूझ और कड़ी मशक्कत से टला बड़ा हादसा, जनहानि नहीं ।।
जानसठ/सिखेड़ा। थाना सिखेड़ा क्षेत्र के ग्राम निराना में एक दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता और कड़ी मशक्कत के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम निराना की नई बस्ती निवासी अहसान पुत्र नूर मोहम्मद की दुकान में उस समय आग लग गई, जब अचानक बिजली आपूर्ति शुरू हुई और शॉर्ट सर्किट हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए बाल्टियों और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता, तो यह आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
ग्राम प्रधान निराना के प्रधानपति अय्यूब अंसारी ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि गांव में बिजली आपूर्ति का निर्धारित समय रात 9 से 9:30 बजे तक है, लेकिन अचानक करीब 8 बजे ही बिजली छोड़ दी गई, जिससे शॉर्ट सर्किट की स्थिति उत्पन्न हुई और आग लग गई।
पीड़ित दुकानदार अहसान ने बताया कि इस हादसे में उसे लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग में दुकान का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित को उचित मुआवजा दिलाने और विद्युत विभाग की लापरवाही की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की भी मांग उठाई है।
