खतौली। जवाहरलाल नेहरू स्मृति इंटर कॉलेज, रवापुरी सठेड़ी में इस वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। विद्यालय के परिणामों में छात्राओं का जबरदस्त दबदबा देखने को मिला, जहां उन्होंने शानदार अंक हासिल कर शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. चन्द्रमोहन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में अनुष्का (सुपुत्री सूर्यकांत) ने 80.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं निखिल पुंडीर (सुपुत्र धर्मेंद्र पुंडीर) ने 80.2 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान तथा दीपाली (सुपुत्री जय भगवान) ने 79.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। हाईस्कूल की बात करें तो यहां भी छात्राओं का दबदबा कायम रहा।

खदीजा (सुपुत्री अब्दुल्लाह) ने 88.16 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। दृष्टि (सुपुत्री राजीव मोघा) ने 84.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि वर्णिका राज (सुपुत्री सिद्धार्थ) ने 83.5 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर जगह बनाई। विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम भी बेहद उत्साहजनक रहा। इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग का परिणाम 91.02 प्रतिशत, कला वर्ग का 70 प्रतिशत तथा हाईस्कूल का परिणाम 98.6 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है। इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा। प्रधानाचार्य डॉ. चन्द्रमोहन शर्मा एवं समस्त अध्यापक-शिक्षिकाओं ने मेधावी छात्र-छात्राओं को मिष्ठान खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रधानाचार्य ने सभी सफल छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पदमा रानी, डॉ. बालेश, डॉ. वीरेश, रविंद्र शर्मा, नीरज कुमार, डॉ. मनुराधा, डॉ. दीपक कपिल, सतीश चंद्र पांडे, तीर्थराज, शिखा, विक्रांत चौधरी सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights