------------------

देहरादून, 30 सितंबर । चीन के शंघाई में 22 से 27 सितंबर तक आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में उत्तराखंड के दो युवाओं ने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक हासिल किए हैं। उत्तरकाशी की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और देहरादून के पार्थ वोहरा ने औद्योगिक डिजाइन तकनीकी कौशल में रजत पदक जीता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दोनों प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वस्तरीय कौशल प्रतियोगिता में प्रदेश के युवाओं का पदक जीतना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य युवाओं को कौशल विकास और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

उत्तराखंड कौशल विकास समिति के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि वर्ल्डस्किल्स को कौशल के क्षेत्र में ओलंपिक के समान प्रतिष्ठित वैश्विक मंच माना जाता है। इस वर्ष प्रतियोगिता में करीब 1,400 प्रतिभागियों ने 64 कौशल विधाओं में हिस्सा लिया।

उन्होंने बताया कि भारत ने प्रतियोगिता में आठ रजत पदक और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल किए तथा विश्व स्तर पर 10वां स्थान प्राप्त किया। उनके अनुसार यह प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

भंडारी ने बताया कि सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने इंडियास्किल्स की राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर वर्ल्डस्किल्स के लिए स्थान बनाया। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग और उत्तराखंड कौशल विकास समिति ने दोनों प्रतिभागियों को प्रशिक्षण, बूट कैंप, यात्रा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारियों में नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने भी प्रशिक्षण और सहयोग प्रदान किया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights