नैनीताल, 30 सितंबर । मां नैना देवी मंदिर परिसर में 16 से 21 अक्टूबर तक 70वां दुर्गा पूजा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला सभागार में समीक्षा बैठक हुई।
इस दौरान आयोजक संस्था सर्वजनिन दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए प्रशासन से आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया, जिसके बाद जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपीं।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका, पर्यटन, विद्युत और अग्निशमन विभाग को मुख्य कार्यक्रम स्थल व फांसी गधेरा में मंच, पंडाल, प्रकाश, ध्वनि, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, कचरा निस्तारण और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एंबुलेंस, चिकित्सा दल और प्राथमिक उपचार केंद्र की व्यवस्था करने को कहा गया। खेल एवं शिक्षा विभाग द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की तर्ज पर जागरूकता मैराथन और वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त 17 से 19 अक्टूबर के विशेष कार्यक्रमों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, तल्लीताल-मल्लीताल सहित प्रमुख मार्गों पर पार्किंग की व्यवस्था करने तथा अग्निशमन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने के निर्देश भी दिए गए। बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम, दीपदान और झांकी के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। नैनी झील में दीपदान के लिए जल पुलिस और एनडीआरएफ की व्यवस्था की जाएगी।
19 अक्टूबर के भंडारे के लिए जल संस्थान को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक सहित नगर पालिका, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशमन, पर्यटन, विद्युत, जल संस्थान और अन्य विभागों के अधिकारी तथा दुर्गा पूजा कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
