चित्रकूट जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र में यमुना नदी में नहाते समय वीडियो बनाने और फोटो खींच लेने से आहत 2 किशोरियों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी से जानकारी मिली कि 16-17 साल की 2 किशोरियों ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। पुलिस के अस्पताल पहुंचने से पहले दोनों किशोरियों को जिला अस्पताल कर्वी रेफर कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल कर्वी से दोनों किशोरियों को बेहतर इलाज के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा ले जाया गया है, जहां पुलिस की मौजूदगी में उनका इलाज किया जा रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, एसपी ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय दोनों किशोरियों ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को यमुना नदी में नहाते समय कुछ लोगों ने उनका वीडियो रिकॉर्ड किया था और तस्वीर खींच ली थी, जिसकी वजह से घर में उन्हें डांट पड़ी थी और इसी से आहत होकर उन्होंने जहर खाया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हम उनके परिजनों से संपर्क कर रहे हैं और इस मामले में पुलिस की 3 टीम काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस की पहली टीम उचित इलाज सुनिश्चित कर रही है, दूसरी टीम किशोरियों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है जबकि तीसरी टीम वीडियो बनाने और फोटो खींचने वालों की तलाश कर रही है। जल्द ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights