गाजीपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जहां नंदगंज थाना क्षेत्र में एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसके पड़ोसी नाबालिग लड़के ने दरिंदगी की हदें पार कर दीं। घटना के बाद जहां एक तरफ पुलिस कार्रवाई में जुटी है, वहीं दूसरी ओर जिला महिला अस्पताल की भारी लापरवाही ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घंटों तक तड़पती मासूम को भर्ती ना करने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

खंडहर में ले जाकर मासूम से की दरिंदगी
मिली जानकारी के मुताबिक, मासूम बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक नाबालिग आरोपी उसे बहला-फुसलाकर पास के ही एक खंडहर में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जब बच्ची लहूलुहान और बदहवास हालत में अपने घर पहुंची, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई और बच्ची को अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल का शर्मनाक रवैया, घंटों तक नहीं किया भर्ती
हद तो तब हो गई जब परिजन गंभीर हालत में बच्ची को लेकर जिला महिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां तैनात डॉक्टरों और स्टाफ ने संवेदनहीनता की सारी सीमाएं लांघ दीं। आरोप है कि घंटों तक पीड़िता को भर्ती करने के बजाय इधर-उधर टालमटोल किया जाता रहा। बच्ची दर्द से कराहती रही, लेकिन अस्पताल प्रशासन का दिल नहीं पसीजा।

ग्रामीणों का बवाल और सिस्टम का बचाव
अस्पताल की इस लापरवाही को देख ग्रामीणों और परिजनों का सब्र टूट गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और प्रदर्शन शुरू कर दिया। बवाल बढ़ता देख सीएमओ और मेडिकल कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, तब जाकर बच्ची को इलाज के लिए भर्ती किया गया। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर पहुंचे सीएमओ ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि महिला अस्पताल गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के अधीन है, इसलिए प्रशासनिक नियंत्रण पर उनका जोर नहीं है। हालांकि, उन्होंने भारी जन आक्रोश को देखते हुए लापरवाह स्टाफ और डॉक्टरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच तेज
फिलहाल पीड़िता का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। नंदगंज थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी नाबालिग है और नियमानुसार उस पर कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights