केरल के प्रसिद्ध वलियाकोइक्कल श्री धर्म सस्था मंदिर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब भगवान अय्यप्पा का एक पवित्र आभूषण ‘कनिपोन्नू’ गायब हो गया। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी और सीसीटीवी (CCTV) की मदद से इसे कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया गया।

जानें क्या है पूरा मामला?

वलियाकोइक्कल मंदिर पंडालम शाही परिवार का पारिवारिक मंदिर है जो शबरिमला भगवान अयप्पा के तिरुवभरणम (पवित्र सोने के आभूषण) को संरक्षित करता है। शबरिमला तीर्थयात्रा के दौरान देवता को सुशोभित करने के लिए आभूषणों को महल से बाहर निकाला जाता है और विशु के दिन वलियाकोइक्कल मंदिर में पूजा के लिए भी इनका उपयोग किया जाता है। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं को मंदिर में कुछ पल के लिए कनिपोन्नू (सिक्के जैसा आभूषण) को पकड़ने की अनुमति होती है। पंडालम पुलिस थाने के अधिकारियों के अनुसार मंदिर प्रशासन ने पूजा-अर्चना के बाद कनिपोन्नू के गुम होने की सूचना दी।

CCTV फुटेज से हुई व्यक्ति की पहचान 

पुलिस ने बताया कि तुरंत जांच शुरू की गई और सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया जिससे पता चला कि एक व्यक्ति ने कनिपोन्नू को पकड़ा था और बाद में उसे अपनी जेब में रख लिया था। पुलिस ने बताया कि उस व्यक्ति की जल्द ही पहचान कर ली गई और पुलिस ने उससे संपर्क किया। पुलिस ने बताया कि मुलाकुझा निवासी उस व्यक्ति को पूजा-अर्चना की जानकारी नहीं थी और उसने सोचा था कि कनिपोन्नू विशु पर दिए जाने वाले पारंपरिक उपहार के रूप में दिया गया था। पुलिस ने बताया कि गायब कनिपोन्नू बरामद करके मंदिर प्रशासन को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालु का बयान दर्ज किया जाएगा और आगे की जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि आभूषण को घर ले जाने के पीछे कोई गलत इरादा था या नहीं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights