गाजियाबाद जिले की कविनगर थाना पुलिस ने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ कथित तौर पर ब्राह्मण समाज के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का ”असली चरित्र और घृणित सोच” एक बार फिर सामने आ गई है, जबकि कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने भी भाटी की टिप्पणी को निंदनीय बताया।
भाजपा नेता ने दर्ज कराई एफआईआर
पुलिस के अनुसार, यह प्राथमिकी भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. अजय शर्मा की शिकायत पर कविनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1) (धर्म या अन्य आधारों पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) के तहत दर्ज की गई है। शिकायत में शर्मा ने आरोप लगाया कि ब्राह्मण समाज के खिलाफ की गई टिप्पणियों से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं और भाटी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। भाटी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी का ”असली चरित्र और उसकी घृणित मानसिकता” फिर उजागर हो गई है।
‘यह टिप्पणी सपा की मानसिकता को दर्शाती है’
उन्होंने कहा कि सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई अमर्यादित और अपमानजनक टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि यह समाजवादी पार्टी की मानसिकता को भी दर्शाती है। पाठक ने कहा, ”जिस ब्राह्मण समाज ने देश को ज्ञान, संस्कृति, संविधान और राष्ट्र निर्माण की दिशा दी, उसके प्रति इस तरह की भाषा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।” उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी पहले भी सनातन धर्म, संत समाज और सामाजिक समरसता के खिलाफ बयानबाजी करती रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि चाहे आजम खान द्वारा भारत माता को लेकर की गई टिप्पणी हो, स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा रामचरितमानस पर विवादित बयान हो, या फिर पार्टी सांसदों और नेताओं की अन्य कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां- यह सब उसी मानसिकता को दर्शाता है।
बृजेश पाठक बोले- अखिलेश दें जवाब
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या यह बयान उनकी पार्टी की आधिकारिक सोच है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं है, तो उन्हें संबंधित प्रवक्ता के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई करनी चाहिए और सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। पाठक ने कहा कि देश का ब्राह्मण समाज इस अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा, ”समाज को बांटने और जातीय वैमनस्य फैलाने की राजनीति करने वालों को जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। जिसे संस्कारों का सम्मान नहीं, जनता उसे सत्ता का अधिकार नहीं देगी।”
राय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”समाजवादी पार्टी के नेता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज के लिए इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा घोर निंदनीय है। राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी पूरे समाज को अपमानित करना स्वीकार्य नहीं है। अखिलेश यादव जी, केवल माफी से काम नहीं चलेगा, ऐसे बड़बोले नेताओं पर तत्काल कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।”
