महाराष्ट्र की दो महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों—बारामती और राहुरी—पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। जहाँ बारामती में माहौल पूरी तरह भावनात्मक है, वहीं राहुरी में त्रिकोणीय मुकाबले ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।बारामती से चुनाव लड़ रहीं महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने अपना वोट डाला और मतदाताओं से अपने दिवंगत पति अजित पवार को श्रद्धांजलि स्वरूप उन्हें समर्थन देने की अपील की है। यह उपचुनाव 28 जनवरी को तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु के कारण कराया जा रहा है।

इस सीट पर सुनेत्रा पवार समेत कुल 23 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 3.84 लाख है। राहुरी उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अक्षय कर्डिले मैदान में हैं। उनका मुकाबला राकांपा (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवार गोविंद मोकाटे और वंचित बहुजन आघाडी के संतोष चालके से है। राहुरी सीट पिछले वर्ष अक्टूबर में भाजपा विधायक शिवाजी कर्डिले के निधन के बाद रिक्त हुई थी।

अक्षय उनके पुत्र हैं। महाराष्ट्र विधानसभा में कुल 288 सीटें हैं। सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के पास 235 सीटें हैं जिनमें भाजपा की 132, शिवसेना की 57, राकांपा की 41 और सहयोगी दलों की पांच सीटें हैं। वहीं विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाडी के पास 50 सीटें हैं, जिनमें शिवसेना (उबाठा) के पास 20, कांग्रेस के पास 16, राकांपा (शप) के पास 10 और अन्य की चार सीटें हैं। सुनेत्रा पवार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘बारामती के लोग बड़ी संख्या में मतदान करने आ रहे हैं। मैं इसे उत्साह नहीं कहूंगी, बल्कि वे अपना कर्तव्य निभाने के लिए बाहर निकल रहे हैं।

ऐसा करके वे दादा (अजित पवार को प्यार से इसी नाम से पुकारा जाता था) को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव भावनात्मक माहौल में हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 60 वर्षों से बारामती के लोगों ने पवार परिवार का समर्थन किया है। यह उपचुनाव अजित दादा की गैरमौजूदगी में हो रहा है और लोग वोट डालते समय उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।’’ उपमुख्यमंत्री ने बताया कि अजित पवार की 89 वर्षीय मां ने घर पर ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने से पहले सुनेत्रा पवार ने बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान कॉलेज परिसर में अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया था। अजित पवार के चाचा और राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार के मतदान नहीं कर पाने के बारे में पूछे जाने पर सुनेत्रा पवार ने कहा कि उन्होंने उनके कुशलक्षेम की जानकारी ली।

अजित पवार के बेटे पार्थ पवार ने भी सुबह बारामती के कटेवाड़ी मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। अजित पवार के छोटे बेटे जय पवार ने भी लोगों से राकांपा के दिवंगत नेता के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। सत्ताधारी राकांपा की प्रमुख सुनेत्रा पवार के खिलाफ विपक्षी महाविकास आघाडी (एमवीए) की ओर से कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं है। विपक्षी दल राकांपा (शप) ने सुनेत्रा पवार के खिलाफ उम्मीदवार न उतारने का फैसला किया। सहयोगी कांग्रेस ने आकाश मोरे को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन बाद में पार्टी ने उनका नाम वापस ले लिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights