उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को रिंद नदी में नहाने गए चार युवकों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना ललौली थाना क्षेत्र में उस समय हुई जब तपनी गांव के छह युवक कुनुहा का डेरा के पास नदी में नहाने गए थे और गहरे पानी में चले गए।
ललौली थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राव ने बताया कि शोर सुनकर ग्रामीण और गोताखोर मौके पर पहुंचे और निजाम (21) तथा मोनू रैदास (23) को बचा लिया गया। हालांकि, हसीबुद्दीन (20), शाहिद (20), अंश प्रजापति (18) और शान (20) की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
