वृंदावन के विख्यात और देश-विदेश में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र संत प्रेमानंद जी महाराज की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। पिछले दो दिनों से अस्वस्थ होने के कारण महाराज जी की प्रसिद्ध रोज सुबह होने वाली ‘पदयात्रा’ को फिलहाल के लिए रोक दिया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद ब्रजभूमि सहित देशभर में मौजूद उनके लाखों अनुयायियों में मायूसी और चिंता की लहर दौड़ गई है। बता दें कि प्रेमानंद महाराज रोज सुबह तड़के 3:00 बजे वृंदावन के परिक्रमा मार्ग पर अपनी पदयात्रा शुरू करते थे जहां उनकी एक झलक पाने के लिए देश-विदेश से आए श्रद्धालु घंटों कतारों में इंतजार करते हैं।

लाउडस्पीकर पर भावुक मन से दी गई जानकारी 

रविवार रात को भी हजारों भक्त सड़कों पर दर्शन की आस में खड़े थे लेकिन तय समय पर महाराज जी की जगह उनके शिष्य लाउडस्पीकर लेकर पहुंचे और उन्होंने श्रद्धालुओं को भावुक मन से जानकारी दी कि महाराज जी का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण आज की पदयात्रा रद्द की जा रही है। उन्होंने भक्तों से सड़कों पर भीड़ न लगाने और अपने-अपने कमरों या घरों को लौटने की अपील की।

वीकेंड पर जुटती है लाखों लोगों की भीड़ 

जानकारी के अनुसार प्रेमानंद महाराज रोजाना अपने ‘केली कुंज आश्रम’ से ‘सौभरी वन’ तक करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पैदल तय करते हैं। आम दिनों में यहां हजारों और वीकेंड (शनिवार-रविवार) को लाखों की भीड़ जुटती है। इन दिनों ब्रज मंडल में ‘अधिकमास’ (मलमास) होने के कारण वैसे ही श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड आमद है। फिलहाल इतनी भारी भीड़ के बीच कोई भगदड़ या अव्यवस्था न फैले, इसे ध्यान में रखते हुए भी प्रबंधन ने महाराज जी के पूर्ण स्वस्थ होने तक इस सार्वजनिक पदयात्रा को टालने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights