पलवल जिले के गांव किठवाड़ी में जघन्य अपराध की दुखद घटना सामने आई हैं जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां दहेज के दानवों ने 23 वर्षीय महिला एवं उसकी 4 वर्षीय बेटी को मौत के घाट उतार दिया और घटना को अंजाम देने के बाद मृतका के 3 माह के नवजात बेटे को लेकर घर से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका मिथलेश के भाई की शिकायत पर मृतका के पति सहित ससुराल पक्ष के 6 लोगों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल भिजवाकर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के जिला मथुरा के गांव कामर गढ़ी निवासी नरवीर ने चांदहट थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बहन मिथलेश की शादी वर्ष 2020 में पलवल जिले के गांव किठवाड़ी निवासी धर्मवीर पुत्र दयाचंद के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग मेरी बहन मिथलेश को दहेज में जमीन, एक स्कॉर्पियो गाड़ी एवं 25 लाख रुपए नकदी की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे उनके साथ मारपीट कर जान से खत्म करने की धमकी देते थे।

PunjabKesari

हॉस्पिटल में भी आरोपियों ने की थी मारपीट

मृतका के भाई के अनुसार उनकी बहन पर एक 4 वर्षीय बेटी एवं एक 3 माह का बेटा है। उसने बताया कि अभी इसी महीने जब मेरी बहन पलवल सामान्य अस्पताल में बेटे को जन्म देने के बाद एडमिट थी तो मेरे छोटे भाई और मेरी मां मिथलेश को देखने के लिए हॉस्पिटल आए थे वहां भी आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की थी जिस संबंध में भी पहले भी शिकायत पुलिस में दर्ज है।

मृतका का 3 महीने का नवजात बेटा भी लापता

नरवीर के अनुसार हमें गत 25 अप्रैल को फोन से मेरी बहन व मेरी 4 वर्षीय भांजी के मृत होने की सूचना मिली जब हम उसकी ससुराल किठवाड़ी पहुंचे तो बहन और भांजी मृत अवस्था में पड़ी थी और उनके शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे और कान व नाक से खून बह रहा था। साथ ही मेरी बहन के शरीर पर कोई गहना नहीं था और उसके ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार थे। शिकायत के अनुसार मृतका का 3 महीने का नवजात बेटा भी लापता है।

चांदहट थाना प्रभारी हरिकृष्ण ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सामान्य अस्पताल में रखवा दिया है और मृतका के भाई नरवीर की शिकायत पर मृतिका के पति धर्मवीर उर्फ धर्मु, देवर कर्मवीर सास प्रेमवती ससुर दयाचंद नंद रेखा और अनीता के खिलाफ दहेज हत्या संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights