भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा के साथ आज  होगा शुभारंभ, 24 नवंबर तक चलेगा धार्मिक अनुष्ठान।
कसार (हरियाणा)। देवभूमि कसार स्थित वेदमाता श्री गायत्री शक्तिपीठ में आगामी 18 नवंबर से श्रीमद्भागवत कथा एवं श्री शतचंडी महायज्ञ का भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। यह सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान 24 नवंबर 2026 तक चलेगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम में प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा, धार्मिक प्रवचन, यज्ञ एवं विभिन्न आध्यात्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ 18 नवंबर को प्रातः 9 बजे भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा वेदमाता श्री गायत्री शक्तिपीठ से प्रारंभ होकर कसारेश्वर महादेव मंदिर, ब्रह्म सरोवर होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी।
श्रीमद्भागवत कथा का वाचन परमपूज्य भागवताचार्य  बलदाऊ त्रिपाठी जी द्वारा किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक होगी। वहीं श्री शतचंडी महायज्ञ प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 11 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
आयोजन के अंतर्गत प्रथम दिवस भागवत महात्म्य एवं भगवान के अवतारों का वर्णन, दूसरे दिन श्री शुकदेव आगमन एवं कपिल-देव संवाद, तीसरे दिन प्रह्लाद चरित्र एवं वामन अवतार, चौथे दिन श्रीराम अवतार एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, पांचवें दिन श्रीकृष्ण बाल लीलाएं एवं गोवर्धन उत्सव, छठे दिन रुक्मिणी विवाह तथा सातवें दिन सुदामा चरित्र एवं श्रीकृष्ण-उद्धव संवाद सहित विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजक श्री गायत्री शक्ति  पीठाधीश्वर ज्योतिषाचार्य पं. हुकमचंद  मुदगल एवं गायत्री साधिका शकुंतला देवी शर्मा हैं। आयोजन में यज्ञाचार्य पं. श्री रामकृष्ण द्विवेदी जी का सानिध्य प्राप्त होगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने तथा महायज्ञ में सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights