–ऊर्जा भवन मेरठ में आयोजित जन-सुनवाई में बिलिंग, मीटर और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई, अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के निर्देश
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए चलाया जा रहा ‘संभव’ कार्यक्रम लगातार भरोसे का मंच बनता जा रहा है। मंगलवार को ऊर्जा भवन, मेरठ के सभागार में आयोजित जन-सुनवाई में कुल 29 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
जन-सुनवाई की अध्यक्षता प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (IAS) ने की। इस दौरान मेरठ, बुलंदशहर और सहारनपुर समेत विभिन्न जनपदों से पहुंचे उपभोक्ताओं ने बिलिंग गड़बड़ी, मीटर खराबी और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों में मौके पर ही राहत प्रदान की।
प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। साथ ही अधिकारियों को उपभोक्ताओं के प्रति संवेदनशील रहने और पूर्ण जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें आपसी समन्वय बनाकर मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए यह भी कहा गया कि अधिकतम समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जाए, ताकि देरी न हो और लोगों को तुरंत राहत मिल सके। कार्यक्रम में निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न विभागों के अभियंताओं की सक्रिय भागीदारी रही।

निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) आशु कालिया, निदेशक (तकनीकी) एन.के. मिश्र, निदेशक (वित्त) स्वतंत्र कुमार तोमर के साथ मुख्य अभियंता देवेंद्र चंद्र वर्मा, मो. सगीर, गुरजीत सिंह, रजनीकांत मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा अधीक्षण अभियंता अनुराग भल्ला, अरुण कुमार, अभिषेक सिंह, मो. अरशद, स्टाफ ऑफिसर सोनग सिंह, प्रशांत सोनी, सौरभ गंगला समेत अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारी भी जन-सुनवाई में शामिल हुए और शिकायतों के निस्तारण में सक्रिय भूमिका निभाई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights