नई मंडी में मिश्रा का मिशन क्लीन’ शुरू
दो ताबड़तोड़ मुठभेड़ों से अपराधियों में दहशत, खाकी का खौफ चरम पर
–थाना संभालते ही एक्शन मोड में आए आनंद देव मिश्रा, अपराधियों को दिया साफ संदेश, या सुधर जाओ, या फिर मुठभेड़ और हवालात के लिए तैयार रहो
मुजफ्फरनगर। जनपद के नई मंडी थाना क्षेत्र में जैसे ही नए थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा ने कमान संभाली, वैसे ही अपराध की दुनिया में हड़कंप मच गया। मंसूरपुर थाने से तबादले के बाद नई जिम्मेदारी मिलते ही उन्होंने यह साफ कर दिया कि अब क्षेत्र में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं बचने वाली। थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा ने आते ही ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए लगातार दो मुठभेड़ों को अंजाम दिया, जिससे अपराधियों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इन कार्रवाइयों ने यह संकेत दे दिया कि अब नई मंडी में कानून का राज चलेगा, न कि अपराधियों का।
एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के रूप में पहचान बना चुके आनंद देव मिश्रा का नाम सुनते ही अपराधियों में खौफ साफ देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, कई छोटे-बड़े अपराधी या तो क्षेत्र छोड़ने की तैयारी में हैं या फिर खुद को कानून के दायरे में लाने को मजबूर हो रहे हैं। नई मंडी थाना अध्यक्ष आनंद देव मिश्रा ने अपराधियों को सीधे शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर इस क्षेत्र में रहना है तो अपराध से तौबा करनी होगी। वरना पुलिस की गोली और हवालात दोनों तैयार हैं।
उनका यह सख्त संदेश अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। आम जनता जहां खुद को सुरक्षित महसूस कर रही है, वहीं अपराधी वर्ग में जबरदस्त दहशत का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद किसी थाना अध्यक्ष ने इतनी सख्ती और तेजी से कार्रवाई की है। लोगों को उम्मीद है कि अब चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगेगी।
