उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बबीना क्षेत्र में इंडियन प्रीमियर क्रिकेट लीग (आईपीएल) के मुकाबलों के दौरान ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले चार सटोरियों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से करीब डेढ़ करोड़ के लेनदेन संबंधी रिकॉर्ड के अलावा लगभग चार लाख रुपए कीमत की डिजिटल करेंसी भी बरामद हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रीति सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर बबीना क्षेत्र में पुलिस ने एक घर पर छापा मार कर आईपीएल क्रिकेट के नाम से सट्टा जुआ खेलने-खिलाने वाले चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि पकड़े गये सटोरियों के कब्जे से तीन लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन और तीन लाख 96 हजार 208 रुपए मूल्य के डिजिटल करेंसी क्वाईन भी बरामद किये हैं। सिंह ने बताया कि इसके अलावा मौके पर मिले अभिलेखों के अनुसार सट्टा खिलाने के दौरान डेढ़ करोड़ रुपए का लेनदेन संबंधी जानकारी भी मिली है। उन्होंने बताया कि पकड़े गये सटोरियों में संतोष श्रीवास, सचिन यादव, उमेश गुप्ता और आशीष अग्रवाल शामिल हैं। अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक एजेंट के रूप में सट्टा खिलाने वाले संतोष श्रीवास ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह मिशन कंपाउंड निवासी प्रेमनारायण के लिए 30 फीसदी कमीशन पर काम करता है और उसके साथी आशीष उमेश और सचिन सट्टे के लिए ग्राहक खोजते थे।

उन्होंने बताया की श्रीवास ने पुलिस को बताया है कि वे लंबे समय से सट्टेबाजी में संलिप्त रहे हैं और फिलहाल बबीना क्षेत्र स्थित बिरजू के मकान में किराये पर रहकर सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे। सिंह ने बताया कि पुलिस ने पकड़े गये सटोरियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इनके अन्य साथी बिरजू, प्रेमनारायण एवं निहाल सिंह की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights