कानपुर, 04 नवंबर । छठ पूजा पर श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नहरों की सफाई और घाटों की व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएं। नहर किनारे जमा सिल्ट 24 घंटे में हटाने और क्षतिग्रस्त रिटेनिंग वॉल की मरम्मत दीपावली से पहले कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह बातें बुधवार को सचान चौराहा नहर और सीटीआई नहर का निरीक्षण करने के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहीं।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के साथ दोनों नहरों का निरीक्षण किया। सचान चौराहा नहर में बड़ी मात्रा में कचरा तैरता मिला, जबकि दूसरी पटरी पर काफी समय से सिल्ट जमा थी। इस पर उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर सिल्ट हटवाने के निर्देश दिए। नहर की रिटेनिंग वॉल कई जगह क्षतिग्रस्त मिली, जिससे पानी सड़क पर रिस रहा था। इसकी मरम्मत दीपावली से पहले पूरी कराने को कहा।
इसके बाद अधिकारियों ने सीटीआई नहर का निरीक्षण किया। यहां रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य जारी मिला। सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई और टीएमएक्स-20 मशीन से नहर में तैरते कचरे को हटाया जा रहा था। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और नियमित सफाई जारी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में सभी घाटों पर सुरक्षित आवागमन, पर्याप्त प्रकाश, साफ-सफाई और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था समय से पूरी होनी चाहिए। घाटों का निर्माण भी निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को नगर निगम, सिंचाई विभाग और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के बीच समन्वय बनाकर प्रतिदिन कार्यों की निगरानी करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम और सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
