नीरज प्रजापति
गोलीकांड के मुकदमे में जेल गए आरोपियों पर पीड़ित को लगातार परेशान करने का आरोप, नाबालिग बेटी से छेड़छाड़, दुष्कर्म और रंगदारी मांगने की शिकायत को बताया निराधार, मीडिया सेंटर में पत्रकारों के सामने रखी अपनी बात।
मुजफ्फरनगर। पुराने रंजिशन गोलीकांड के मुकदमे में समझौता करने से इनकार करने पर एक व्यक्ति को झूठे आरोपों में फंसाने और लगातार मानसिक रूप से परेशान करने का मामला सामने आया है। थाना मीरापुर क्षेत्र के गांव गढ़ी मुझेड़ा निवासी चांद मोहम्मद ने अपने विरोधियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़ित का आरोप है कि गोलीकांड के मुकदमे में जेल जा चुके आरोपी अब उस पर फैसला करने का दबाव बना रहे हैं। जब उसने समझौता करने से साफ इनकार कर दिया तो उसे बदनाम करने और पुलिस व अन्य अधिकारियों के यहां झूठी शिकायतें देकर फंसाने की कोशिश की जा रही है। पीड़ित ने इस संबंध में मीडिया सेंटर में पत्रकारों से वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। मीडिया सेंटर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए चांद मोहम्मद ने बताया कि इंतजार को मार्च 2025 में थाना छपार क्षेत्र के गांव खामपुर में गौकशी करते हुए गौमांस के साथ पकड़ा गया था। इस मामले में इंतजार काफी समय तक जेल में भी रहा था। चांद मोहम्मद के अनुसार कुकड़ा निवासी इंतजार और उसके परिवार के लोग उस पर शक करते हैं कि उसने ही गौकशी की सूचना पुलिस को दी थी, जबकि उसका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं था। इसी बात को लेकर इंतजार, उसका बेटा अरमान और परिवार के अन्य लोग उससे रंजिश रखने लगे। चांद मोहम्मद ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 23 अप्रैल 2025 की रात उसे बहाने से एआरटीओ कार्यालय बुलाया गया था। जब वह रास्ते में एक ट्यूबवेल के पास पहुंचा तो वहां पहले से इंतजार, मोमीन, अरमान और उनके कुछ अन्य साथी मौजूद थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से गोली चला दी, जो उसके पेट में लगी थी। इस घटना के संबंध में थाना नई मंडी में मुकदमा अपराध संख्या 208/2025 धारा 190, 109(1) और 351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। पीड़ित का कहना है कि इस मामले में इंतजार, अरमान सहित अन्य आरोपी जेल भी गए थे और मुकदमा अभी न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ित चांद मोहम्मद का आरोप है कि गोलीकांड के मुकदमे में समझौता करने के लिए इंतजार, अरमान और इंतजार के एक रिश्तेदार द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उसने आरोपियों को साफ कह दिया कि वह न्यायालय में विचाराधीन मुकदमे में समझौता नहीं करेगा। इसके बाद से ही उसके खिलाफ शिकायतों का सिलसिला शुरू हो गया। चांद मोहम्मद के मुताबिक, आरोपी इंतजार उसके खिलाफ पुलिस अधिकारियों, अन्य विभागों और मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के समक्ष भी लगातार प्रार्थना पत्र दे रहा है। इतना ही नहीं, अपनी पत्नी सलमा के माध्यम से भी उसके खिलाफ शिकायतें कराई जा रही हैं। पीड़ित का दावा है कि इन शिकायतों में लगाए गए आरोप जांच के दौरान निराधार पाए गए हैं। चांद मोहम्मद ने शिकायत में बताया कि हाल ही में थाना नई मंडी पुलिस ने उसे थाने बुलाया था। वहां उसे जानकारी दी गई कि इंतजार ने अपनी करीब 11 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म करने तथा रंगदारी मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ शिकायत दी है। पीड़ित का दावा है कि पुलिस स्तर पर की गई जांच में उसके विरुद्ध लगाए गए आरोप सही नहीं पाए गए। उसने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले इंतजार की पत्नी सलमा ने भी उसके खिलाफ दुष्कर्म और रंगदारी मांगने की शिकायत दी थी, लेकिन उसमें लगाए गए आरोप भी जांच में निराधार पाए गए थे। चांद मोहम्मद ने चार नवंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उसने आरोप लगाया कि पुराने मुकदमे में समझौता नहीं करने के कारण उसे झूठी शिकायतों के जरिए लगातार परेशान किया जा रहा है। पीड़ित ने थाना नई मंडी पुलिस को उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश देने की मांग की है। मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चांद मोहम्मद ने कहा कि वह गोलीकांड के मुकदमे में न्यायालय के माध्यम से न्याय चाहता है और किसी भी दबाव में समझौता नहीं करेगा। उसने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर उसे परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
