–तकनीकी जागरूकता की ओर एक कदम
मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड स्थित एस0 डी0 कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डेटा साइंस पर माइक्रोसाॅफ्ट द्वारा स्किल इंडिया के अन्तर्गत आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में कुल 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को इंटरएक्टिव एवं ज्ञानवर्धक बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं प्रदर्शन सत्रों का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उभरती हुई तकनीकों से परिचित कराना तथा उनके भविष्य में इन क्षेत्रों के महत्व को समझाना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को एआई एवं डेटा साइंस के मूलभूत सिद्धांतों, उनके व्यावहारिक उपयोग तथा करियर संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने कॉलेज के अनुभवी शिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे उन्हें विषयों की गहराई को समझने में विशेष सहायता मिली।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रायोगिक सत्र रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने जेमिनी (एआई प्रॉम्प्ट) के माध्यम से सरल गेम बनाना सीखा, जिससे उन्हें आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यशाला के अन्त में सभी प्रतिभागीयों को माइक्रोसाफ्ट द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। इस अवसर पर संस्थन के सचिव अनुभव कुमार ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि एआई और डेटा साइंस जैसे क्षेत्र भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं निदेशक डॉ. सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डेटा साइंस जैसे उभरते और भविष्य-निर्माणकारी क्षेत्रों में एस.डी. कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी निरंतर सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आगामी माह अंतर्राष्ट्रीय एआई एवं डेटा साइंस समिट का भव्य आयोजन वृहद स्तर पर किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ, शोधकर्ता एवं उद्योग जगत के अग्रणी व्यक्तित्व सहभागिता करेंगे। यह समिट ज्ञान-विनिमय, नवाचार और तकनीकी सहयोग का एक सशक्त मंच सिद्ध होगा।
