मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के लिए गर्व का क्षण उस समय सामने आया जब लाखों बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाने वाले कराटे विशेषज्ञ शिहान वेदप्रकाश शर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर उच्च स्तरीय सम्मान से नवाजा गया। सर्व ब्राह्मण महासभा द्वारा आयोजित भव्य राष्ट्रीय कार्यक्रम में उन्हें विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया, जहां उनकी उपलब्धियों और समाज के प्रति समर्पण को सराहा गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जीएसटी कमिश्नर मेरठ ओपी रतूड़ी ने शिहान वेदप्रकाश शर्मा को सम्मानित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन के स्वर्णिम 43 वर्षों को मार्शल आर्ट्स कराटे को समर्पित कर समाज में भयमुक्त वातावरण बनाने का जो कार्य किया है, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने न केवल देश में बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय साउथ एशिया कप प्रतियोगिताओं में विजय प्राप्त कर भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है।
इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी शर्मा, महासचिव डॉ. संदीप शर्मा, सलाहकार ब्रह्म प्रकाश शर्मा सहित अनेक गणमान्य पदाधिकारियों ने शिहान शर्मा की भूरी-भूरी प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में जब महिला सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनी हुई है, ऐसे में शिहान वेदप्रकाश शर्मा का योगदान समाज के लिए एक नई दिशा प्रदान करता है। कार्यक्रम के दौरान कराटे किंग शिहान वेदप्रकाश शर्मा ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि वे “महिला सुरक्षा अभियान” के तहत पूरे भारत में बेटियों को निशुल्क कराटे प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा का ज्ञान हर बेटी का अधिकार है और यही उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाएगा। उन्होंने इस सम्मान को अपने गुरुओं, परिवार और उन सभी बेटियों को समर्पित किया जिन्हें उन्होंने प्रशिक्षण दिया है। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज के प्रति और अधिक जिम्मेदारी से कार्य करने की प्रेरणा देता है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से मुजफ्फरनगर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोगों ने इसे जनपद के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights