-----------------------

अहमदाबाद, 10 सितंबर । जापान में होने वाले आगामी आइची-नागोया एशियाई खेलों में हिस्सा लेने जा रही भारतीय तैराकी टीम को गुरुवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के अहमदाबाद स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) में औपचारिक विदाई दी गई। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें एशियाई खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

विदाई समारोह के साथ भारतीय तैराकी टीम का करीब छह सप्ताह का तैयारी शिविर भी संपन्न हुआ। यह शिविर 01 अगस्त से 10 सितंबर तक वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया था। समारोह में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित, ओलंपियन और एशियाई एवं राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता डोला बनर्जी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने तैराकों से बातचीत कर उन्हें आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में उतरने के लिए प्रेरित किया।

बनर्जी ने कहा कि पिछले वर्षों में भारतीय खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं और सहयोग प्रणाली में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय दल, विशेषकर तैराक, एशियाई खेलों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

भारतीय तैराकी टीम के मुख्य कोच द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता प्रदीप कुमार श्रीधरन ने शिविर के दौरान खिलाड़ियों के अनुशासन और मेहनत की सराहना की। साई के क्षेत्रीय निदेशक प्रशांत सिंह ने खिलाड़ियों को संस्थान की ओर से लगातार बेहतर सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

समारोह में भारतीय तैराकी महासंघ के महासचिव मोनाल चोकशी और उपाध्यक्ष कमलेश नानावती समेत अन्य अधिकारी व कोच मौजूद रहे। खिलाड़ियों के लिए पारंपरिक तिलक समारोह भी आयोजित किया गया।

भारतीय तैराकी टीम में शामिल 10 खिलाड़ी:

आकाश मणि, अनीश कुमार गौड़ा, बेनेडिक्शन रोहित, धक्शन, हीर गितेश, साजन प्रकाश (कप्तान), श्रीहरि नटराज, उत्कर्ष संतोष पाटिल, दानुश सुरेश और वेदांत माधवन। टीम के मुख्य कोच प्रदीप कुमार श्रीधरन हैं, जबकि वीर धवल और नटराज वी कोच हैं। सीन केली विदेशी तकनीकी सलाहकार के रूप में टीम से जुड़े हैं।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights