भीषण गर्मी झेल रहे उत्तर और मध्य भारत के लिए राहत की खबर के साथ-साथ एक बड़ी चेतावनी भी सामने आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानि कि 5 मई 2026 को देश के 15 राज्यों में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से मैदानी इलाकों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-NCR में हल्की बारिश से लुढ़का पारा
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में आज बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है। वहीं अधिकतम 32°C और न्यूनतम 23°C रहने का अनुमान है। 6 मई को पारा चढ़कर 37°C तक जा सकता है लेकिन बिजली चमकने के साथ आंशिक बादल बने रहेंगे।

UP: 50km की रफ्तार से चलेगी आंधी
यूपी के कई जिलों में आज कुदरत का कड़ा रुख देखने को मिल सकता है। मेरठ, अलीगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर और जौनपुर समेत कई इलाकों में 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। राजधानी में अधिकतम तापमान 30°C के करीब रहेगा जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
बिहार और झारखंड: भारी बारिश का अलर्ट
पटना, गया, अररिया और भागलपुर समेत कई जिलों में मध्यम बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) की आशंका है। रांची समेत धनबाद, बोकारो और गिरिडीह में 40-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। रांची का पारा आज 29°C के आसपास रहेगा।

पहाड़ों पर ओलावृष्टि और बर्फबारी
पहाड़ी राज्यों में मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने वाला है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी है। केदारनाथ में बर्फबारी का दौर जारी है जिससे तीर्थयात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वहीं शिमला, मनाली और कुल्लू में भारी बारिश की चेतावनी है। मनाली में न्यूनतम तापमान -2°C तक जा सकता है।

राजस्थान, पंजाब और हरियाणा: किसानों के लिए चेतावनी
पश्चिमी विक्षोभ के कारण जयपुर और बीकानेर संभाग में तेज आंधी और बारिश के आसार हैं। वहीं पठानकोट और मोहाली जैसे जिलों में येलो अलर्ट है। 60 किमी की रफ्तार से आंधी चल सकती है जिसके मद्देनजर किसानों को कटी फसल सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश: ओलावृष्टि का संकट
MP के भोपाल, विदिशा और सागर समेत कई जिलों में बिजली चमकने और ओले गिरने की संभावना है। सीधी और सिंगरौली में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं नुकसान पहुंचा सकती हैं।
