मुजफ्फरनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था का जायजा लेने निकले पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन उस समय मानवता की मिसाल बन गए, जब उन्होंने सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवारों की न केवल मदद की, बल्कि उन्हें समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। जानकारी के अनुसार, एसपी सिटी अमृत जैन क्षेत्र में भ्रमण पर थे और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान देवराना कट के पास एक तेज रफ्तार बाइक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना को देखते ही एसपी सिटी ने बिना एक पल गंवाए अपनी गाड़ी रुकवाई और तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने खुद घायलों की स्थिति का जायजा लिया और उन्हें संभालते हुए हिम्मत बंधाई। इस दौरान उनकी संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता साफ नजर आई। सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने औपचारिकताओं में समय बर्बाद न करते हुए तुरंत अपने स्कॉर्ट वाहन को निर्देशित किया और घायलों को बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज भिजवाया, ताकि उन्हें समय पर उपचार मिल सके। पुलिस अधिकारी की इस तत्परता से घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। एसपी सिटी के इस सराहनीय कदम की क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है।

आमजन ने इसे पुलिस की संवेदनशील छवि का जीवंत उदाहरण बताया। लोगों का कहना है कि ऐसे अधिकारी ही पुलिस और जनता के बीच भरोसे की मजबूत कड़ी बनते हैं। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि हर परिस्थिति में जनता की मदद के लिए तत्पर रहती है। एसपी सिटी अमृत जैन का यह मानवीय चेहरा समाज में एक सकारात्मक संदेश देता है कि वर्दी के पीछे एक संवेदनशील दिल भी धड़कता है।
