ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल में जुटे पदाधिकारी, कलयुगे संघे शक्ति के मंत्र के साथ संगठन विस्तार और सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाने का आह्वान
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। शामली रोड स्थित मोहल्ला गौशाला के ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल में भारतीय योग संस्थान के निशुल्क योग साधना केंद्र पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने और आगामी पंचवर्षीय चुनाव को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक में संस्थान के विभिन्न पदाधिकारियों, केंद्र प्रमुखों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहदेव सिंह आर्य ने की, जबकि संचालन संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की कार्यशैली को और अधिक प्रभावी बनाना तथा संस्थान के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य को गति देना रहा। बैठक में जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने “कलयुगे संघे शक्ति” का संदेश देते हुए कहा कि वर्तमान युग में संगठन ही सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि संस्थान के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें। जिला संगठन मंत्री डॉ. अमित कुमार ने भारतीय योग संस्थान की कार्यशैली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्थान देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी निशुल्क योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवन प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवनशैली है, जिसे समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना संस्थान का लक्ष्य है।

डॉ. जीत सिंह तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि सभी योग केंद्रों पर नियमित साधना संस्थान के निर्धारित मानकों के अनुसार होनी चाहिए। इसके लिए समय-समय पर दक्षता क्लास का आयोजन अनिवार्य है, ताकि योग शिक्षण की गुणवत्ता बनी रहे और अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जनपद प्रभारी योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने संस्थान की विचारधारा को विस्तार से समझाते हुए कहा कि भारतीय योग संस्थान “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे संतु निरामया” और “वसुधैव कुटुंबकम” जैसे महान सिद्धांतों पर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानव सेवा का एक पवित्र अभियान है। उन्होंने बताया कि पंचवर्षीय चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रत्येक केंद्र प्रमुख और मुख्य कार्यकर्ता को ₹60 सदस्यता शुल्क जमा करना होगा, जिससे चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जा सके। योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने स्पष्ट रूप से कहा कि संस्थान में वही व्यक्ति पदाधिकारी बने, जो वास्तव में सेवा करने की भावना रखता हो और संस्थान के लिए समय दे सके। केवल पद प्राप्त करना और निष्क्रिय रहना संस्थान के प्रति ईमानदारी नहीं है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि जो भी कार्यकर्ता तन, मन और धन से सेवा करने को तैयार है, वही आगे आए। अध्यक्ष सहदेव सिंह आर्य ने अपने समापन संबोधन में कहा कि मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है और यह अवसर हर किसी को नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति इस सेवा कार्य से जुड़ता है, वह वास्तव में सौभाग्यशाली होता है। उन्होंने सभी को संस्थान के सिपाही के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। बैठक में रामपाल शर्मा, आचार्य रामकिशन सुमन, कुलदीप मित्तल, अशोक मित्तल, चौधरी रतन सिंह, लौकिन्द्र मलिक, धर्मेंद्र प्रधान, नीरज बंसल, कविंद्र बालियान, क्षेत्रीय प्रधान राजीव रघुवंशी, केंद्र प्रमुख ब्रजेश कुमार रूहेला सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को देसी गाय की छाछ और गुड़ का प्रसाद वितरित किया गया, जिससे बैठक का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।
