उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत के मामले में पुलिस ने चिकित्सक को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर गांव निवासी दीनबंधु कुमार राजभर की तहरीर पर चिकित्सक डॉ. हेमंत कुमार सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत के मुताबिक, दीनबंधु ने अपनी गर्भवती पत्नी कुसुम राजभर (25) को आशा कार्यकर्ता के माध्यम से 25 मार्च की सुबह जिराबस्ती गांव स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। ऐसा आरोप है कि 26 मार्च की सुबह चिकित्सक और कर्मचारियों ने स्थिति को गंभीर बताते हुए सिजेरियन ऑपरेशन के लिए दबाव बनाया और उससे जबरन 30 हजार रुपये जमा करा लिए। ऑपरेशन के दौरान ही कुसुम राजभर की मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपी चिकित्सक को शुक्रवार अपराह्न बसंतपुर मार्ग स्थित यूनिवर्सिटी मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights