मुंशीगंज थाना क्षेत्र के रायबरेली-सुल्तानपुर राजमार्ग के शंकरगंज चौराहा मोड़ के पास गुरुवार की देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर 2 मोटरसाइकिल पर पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

भंडारे से लौट रहे थे 4 रिश्तेदार: मोटरसाइकिल पर पलटा प्याज लदा ट्रक
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात को प्रिंस वर्मा (15), सनी वर्मा (25), राजू वर्मा (24) और अजीत वर्मा 2 मोटरसाइकिल से अपने रिश्तेदार ओमप्रकाश वर्मा के घर भंडारे में शामिल होने गए थे और वहीं से वापस अपने घर के लिए जा रहे थे। मुंशीगंज के थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मुंशीगंज थाना क्षेत्र के शंकरगंज चौराहा मोड़ पर गौरीगंज की ओर से आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया जिससे मोटरसाइकिल सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें पुलिस प्रतिक्रिया वाहन (पीआरवी) और एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। ट्रक पर प्याज लदा था।

अस्पताल में 3 को मृत घोषित किया: हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार
थाना प्रभारी ने बताया कि चिकित्सकों ने राजू वर्मा, प्रिंस वर्मा और सनी वर्मा को मृत घोषित कर दिया और अजीत वर्मा का उपचार हो रहा है। ये चारों आपस में रिश्तेदार थे। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य स्रोतों की मदद से चालक की तलाश की जा रही है। ट्रक को कब्जे में लेकर उसे मार्ग से हटा कर यातायात बहाल कर दिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights