कानपुर, 12 अगस्त । यह हाथों की नहीं, संकल्पों की श्रृंखला है। हर युवा को प्रण लेना होगा कि वह स्वयं नशे से दूर रहेगा और अपने एक मित्र को भी नशे से बचाएगा। प्रधानमंत्री का विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर घर नशामुक्त होगा। यह बातें बुधवार को नशामुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत आयोजित मानव श्रृंखला में युवाओं को संबोधित करते हुए अंतरराष्ट्रीय नशामुक्त अभियान के प्रमुख योग गुरु ज्योति बाबा ने कहीं।
स्वतंत्रता दिवस नशामुक्ति सप्ताह के तहत डीएसएम स्कूल में छात्रों ने विशाल मानव श्रृंखला बनाकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। सोसाइटी योग ज्योति इंडिया, सूर्योदय फाउंडेशन और जरूरत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों ने हिस्सा लिया। इस दौरान भारत माता की जय और नशामुक्त युवा, शक्तिशाली भारत के नारे लगाए गए।
ज्योति बाबा ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए परिवार में संवाद, कुछ समय आत्मचिंतन और बुजुर्गों का मार्गदर्शन जरूरी है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
मानव श्रृंखला का संयोजन धीरेंद्र राय और कृष्ण लाल श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि युवा 2047 के विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में ज्योति बाबा ने सभी को नशामुक्त परिवार और नशामुक्त भारत का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय परिवार का सहयोग रहा।
