youth-club-will-formed-village

मुरादाबाद, 09 मई । गांवों के युवाओं को संगठित कर उन्हें सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए मेरा युवा भारत अभियान के तहत जिले में युवा क्लबों का गठन किया गया है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देश पर मुरादाबाद सदर और मूंढापांडे विकासखंड में 50 से अधिक युवा क्लब तैयार किए गए हैं। जिला युवा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि गांवों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से युवा क्लब गठित किए जा रहे हैं। इन क्लबों में 15 से 29 वर्ष तक के युवाओं को जोड़ा जा रहा है। क्लबों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष जैसे पद तय कर जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। इनका पंजीकरण सोसाइटी अधिनियम 1860 के तहत कराया जाएगा जिससे क्लबों को वैधानिक अधिकार भी मिल सकें। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद सदर में 28 अप्रैल से 2 मई और मूंढापांडे ब्लॉक में 30 अप्रैल से 4 मई तक अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गांव-गांव पहुंचकर युवाओं को क्लब से जोड़ने का काम किया गया। कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार सैनी ने बताया कि स्थानीय युवाओं की मदद से अभियान को सफल बनाया गया।नवनियुक्त सदस्यों की बैठक कर उन्हें विभाग की योजनाओं, गतिविधियों और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी भी दी गई।अभियान में निखिल कुमार, विकास कुमार, आकाश कुमार, सौरभ सिंह, महेंद्र सिंह और चंद्र सिंह चंचल समेत कई युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights